🌷🙏🇮🇳 *#daduji* 🇮🇳🙏🌷
🌷🙏 *卐 सत्यराम सा 卐* 🙏🌷
https://www.facebook.com/DADUVANI
*#श्रीदादूदयालवाणी०आत्मदर्शन* द्वितीय भाग : शब्दभाग(उत्तरार्ध)
राग गौड़ी १(गायन समय दिन ३ से ६)
टीका ~ महामण्डलेश्वर ब्रह्मनिष्ठ पंडित श्री स्वामी भूरादास जी
साभार विद्युत संस्करण ~ गुरुवर्य महामंडलेश्वर संत श्री १०८ स्वामी क्षमाराम जी महाराज
.
१३. केवल विनती । गजताल ~
राम सँभालिये रे,
विषम दुहेली बार ॥टेक॥
मंझ समंदां नावरी रे,
बूडे खेवट - बाज ।
काढनहारा को नहीं,
एक राम बिन आज ॥१॥
पार न पहुँचै राम बिन,
भेरा भवजल मांहि ।
तारणहारा एक तूँ ,
दूजा कोई नांहि ॥२॥
पार परोहन तो चले,
तुम खेवहु सिरजनहार ।
भव सागर में डूब है,
तुम्ह बिन प्राण अधार ॥३॥
औघट दरिया क्यों तिरे,
बोहिथ बैसणहार ।
दादू खेवट राम बिन,
कौण उतारे पार ॥४॥
टीका ~ ब्रह्मऋषि कहते हैं कि हे राम ! इस विकट समय में आप हमको संभालो, क्योंकि संसार - समुद्र के बीच में यह हमारी मनुष्य देह रूपी नौका, मायावी जल के भँवर में फँस रही है । खेवटिया के बिना यह डूबने वाली हो रही है । इस नौका को उबारने वाला आपके सिवाय दूसरा और कोई भी नहीं है ।
.
हे राम ! आपके बिना यह हमारी नौका इस समुद्र से पार होना असम्भव है । यह हमारा मनुष्य देह रूपी बेड़ा, विषय - वासना रूपी जल में डूब रहा है । इस समय इसको तारने वाले आप ही हो, आपके सिवाय दूसरा कोई नहीं दिखाई दे रहा है ।
.
हे सिरजनहार ! आप खेवो तो यह ‘परोहन’ - मनुष्य देह रूपी हमारी नौका पार होवेगी । हे प्राणाधार ! संसार - समुद्र में हम आपके बिना डूबे जा रहे हैं । हे नाथ ! यह दरियाव बड़ा भारी है ।
.
‘औघट’ कहिए, काम - क्रोध आदि बड़े - बड़े तूँफानों में यह हमारी ‘बोहित’= मनुष्य देह रूपी नौका, डूबने वाली हो रही है । हे राम ! आप ही इस नौका को खेने वाले हो । आपके बिना दूसरा और हमको कोई भी नहीं दीखता है, जो इस नौका को पार करे ।
सकल पतित पावन किये, अधम उधारनहार ।
बिरद बिचारो बाप जी, जन रज्जब की बार ॥१३॥
रज्जब टेरै रात दिन, क्यों बोलै नहीं कंत ।
कै तुम अब मौनी भये, कै तुम चाहो अंत ॥१३॥
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें