卐 सत्यराम सा 卐
काहे को दुख दीजिये, घट घट आत्मराम ।
दादू सब संतोंषिये, यह साधु का काम ॥
काहे को दुख दीजिये, साँई है सब मांहि ।
दादू एकै आत्मा, दूजा कोई नांहि ॥
========================
साभार ~ Awes NIRAJ(गूगल)
महाराज युधिष्ठिर ने जब सुना कि श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाका संवरण कर लिया है और यादव परस्पर युद्ध कर नष्ट हो चुके हैं, तब उन्होंने अर्जुन के पौत्र परीक्षितका राजतिलक कर दिया | स्वयं सब वस्त्र एवं आभूषण उतार दिए | मौन व्रत लेकर, केश खोले, संन्यास लेकर वे राजभवन से निकले और उत्तर दिशा की ओर चल पडे | उनके शेष भाइयों तथा द्रौपदी ने भी उनका अनुगमन किया | धर्मराज युधिष्ठिर ने सब माया-मोह त्याग दिया था | उन्होंने न भोजन किया, न जल पिया और न विश्राम ही किया | बिना किसी ओर देखे या रुके वे निरंतर चलते ही गए और हिमालय में बद्रीनाथ के आगे बढ गए | उनके भाई तथा रानी द्रौपदी भी उनके पीछे चलती रहीं |
सत्पथ पार हुआ और स्वर्गारोहण की दिव्य भूमि आई | द्रौपदी, नकुल, सहदेव, अर्जुन, ये क्रम-क्रम से गिरने लगे | जो गिरता था, वह वहीं रह जाता था | उस हिम प्रदेश में गिरकर पुनः उठने का प्रश्न ही नहीं उठता है | शरीर तो तत्काल हिम-समाधि पा जाता है | उस पावन प्रदेश में प्राण त्यागनेवाले को स्वर्गकी प्राप्ति से भला कौन रोक सकता था | युधिष्ठिर न रुकते थे और न गिरते हुए भाइयों की ओर देख ही रहे थे | वे राग-द्वेषसे परे हो चुके थे | अंत में भीमसेन भी गिर गए |
युधिष्ठिर जब स्वर्गारोहण के उच्चतम शिखरपर पहुंचे, तब भी अकेले नहीं थे | उनके भाई और रानी द्रौपदी मार्गमें गिर चुकी थीं; किंतु एक कुत्ता उनके साथ था | यह कुत्ता हस्तिनापुर से ही उनके पीछे-पीछे आ रहा था | उस शिखरपर पहुंचते ही स्वयं देवराज इंद्र विमानमें बैठकर आकाश से उतरे | उन्होंने युधिष्ठिर का स्वागत करते हुए कहा, “आपके धर्माचरण से स्वर्ग अब आपका है | आइए विमान में बैठिए | ” युधिष्ठिर ने अब अपने भाइयों तथा द्रौपदीको भी स्वर्ग ले जाने की प्रार्थना की | देवराज ने बताया – वे पहले ही वहां पहुंच गए हैं |
युधिष्ठिर ने दूसरी प्रार्थना की, “इस कुत्ते को भी विमानमें बैठा लें |”
इंद्र बोले, “आप धर्मज्ञ होकर ऐसी बात क्यों करते हैं ? स्वर्ग में कुत्ते का प्रवेश कैसे हो सकता है ? यह अपवित्र प्राणी मुझे देख सका, यही बहुत है |”
युधिष्ठिर बोले, “यह मेरे आश्रित है | मेरे भक्ति के कारण ही नगर से इतनी दूर मेरे साथ आया है | आश्रित का त्याग अधर्म है | इसके बिना मैं अकेले स्वर्ग नहीं जाना चाहता |”
इंद्र बोले, “राजन ! स्वर्ग की प्राप्ति पुण्यों के फलसे होती है | यह पुण्यात्मा ही होता तो अधम योनि में क्यों जन्म लेता?” युधिष्ठिर बोले, “मैं अपना आधा पुण्य इसे अर्पित करता हूं |”
“धन्य हो, धन्य हो, युधिष्ठिर ! तुम ! मैं तुम पर अत्यंत प्रसन्न हूं |” युधिष्ठिर ने देखा कि कुत्ते का रूप त्यागकर साक्षात धर्म देवता उनके सम्मुख खडे होकर उन्हें आशीर्वाद दे रहे हैं |

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें