🌷🙏 🇮🇳 *#daduji* 🇮🇳🙏🌷
🌷🙏 *卐 सत्यराम सा 卐* 🙏🌷
*साभार विद्युत संस्करण ~ Tapasvi @Ram Gopal Das*
*श्री रज्जबवाणी टीका ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान ॥*
.
*१०. विरह का अंग~ ९/१२*
.
*विरही बालक गूंग पशु, काहि कहै दुख सुक्ख ।*
*रज्जब मन की मन रही, लहै न मारग मुक्ख ॥९॥*
विरही, नवजात बालक, गूंगा और पशु अपना दुख: सुख किसको कहते हैं ? इनके मन की व्यथा मन में ही रहती है जब तक ब्रह्म-ज्ञान रूप मुख्य मार्ग नहीं प्राप्त होता तब तक विरह का दुख: समाप्त नहीं होता ।
.
*अंतर ही अंतर घणा, बिच ही बीच अपार ।*
*माँहीं माँहिं न मिल सकूं, दीरघ दुख करतार ॥१०॥*
मेरे अन्त:करण के मध्य ही साक्षी रूप से मेरे प्रियतम रहते हैं किन्तु फिर भी उनमें और मेरे में बहुत भेद है वे विश्वकर्त्ता व्यापक हैं, अत: मैं उनके बीच में ही व्यापक रूप से रहता हूँ किन्तु फिर भी उनके और मेरे मिलन में अज्ञान रूप अपार व्यवधान पड़ रहा है । वे मेरे में हैं, मैं उनमें हूँ, इस प्रकार ओत-प्रोत होने पर भी उनका साक्षात्कार नहीं होता इसी से महान दुख: हो रहा है ।
.
*रज्जब चखि१ चुख२ चिहुर३ की, नैनहुँ काढे नीर ।*
*सांई सुरति सुमेरु सम, सु नैनहुँ अटके वीर४ ॥११॥*
नेत्र१ की पलक के भीतर के छोटे छोटे परबालों३ की चुभन२ नेत्रों से जल निकालती है किन्तु हे भाई४ ! प्रियतम प्रभु की वियोगाकार वृत्ति तो सुमेरू के समान विशाल होने पर भी वह जल नेत्रों में ही अटक जाता है अर्थात प्रभु वियोग का दु:ख तो बहुत होता है किन्तु नेत्रों अश्रु नहीं गिरते, कारण- विरहाग्नि से भीतर ही जल जाते हैं ।
.
*रज्जब बारह बाहिरा१, विरह तेरहाँ मेघ ।*
*वहिं२ सौ तिन३ कन४ जन५ सुवहिं६, करै कौन कहु सेघ७ ॥१२॥*
बाहिर१ के बारह मास के बारह सूर्य और तेरहवाँ बादल इन२ से ही घासादि तृण३ और अन्न४ उत्पन्न होते हैं, वैसे ही विरह द्वारा श्रेष्ठ भक्त होते हैं । विरह६ उत्पन्न होने पर भक्त५, भगवद् से भिन्न किस से संबन्ध७ करता है ? जिसका संबन्ध परब्रह्म को छोड़ अन्य से नहीं होता वही श्रेष्ठ भक्त कहलाता है और ऐसा भक्त विरह उत्पन्न होने से ही होता है ।
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें