शुक्रवार, 12 जून 2026

२७. अक्षर बिचार कौ अंग १/४

🌷🙏🇮🇳 *#daduji* 🇮🇳🙏🌷
🌷🙏 *卐 सत्यराम सा 卐* 🙏🌷
*महात्मा कविवर श्री सुन्दरदास जी, साखी ग्रंथ*
.
२७. अक्षर बिचार कौ अंग १/४
.
ऐंन१ नहीं अरु ऐंन है, गैंन२ नहीं अरु गैंन ।
सुन्दर नुकता३ आर सी, दूरि किये तें ऐंन ॥१॥
[श्रीसुन्दरदासजी महाराज इस अङ्ग में उर्दू(अरबी, फारसी) लिपि एवं देवनागरी लिपि के अक्षरों के माध्यम से आत्मतत्त्व एवं ब्रह्मतत्त्व पर विचार कर रहे हैं । अतः पाठक को, इस अङ्ग का स्वाध्याय प्रारम्भ करने से पूर्व, इन लिपियों से सम्बद्ध व्याकरण शास्त्र का ज्ञान होना भी अत्यावश्यक है । अतः पाठक उधर भी ध्यान दें ।] 
(१ ऐंन = प्रत्यक्ष । २ गैंन = अप्रत्यक्ष । ३ नुकता = बिन्दु । फारसी के ऐन अ) अक्षर पर बिन्दु लगाने से गैन अक्षर(ग) बन जाता है ।) उर्दू लिपि के अक्षरों के माध्यम से आत्मतत्त्व पर विचार : यह आत्मा अज्ञानावरण के कारण हम को अभी प्रत्यक्ष नहीं दिखायी देता है; परन्तु वह गुरुपदेश से प्राप्त आध्यात्मिक साधनों द्वारा प्रत्यक्ष(अैंन) किया जा सकता है । इसी प्रकार वह आत्मा वस्तुतः मलविक्षेपरहित एवं निर्विकार है, परन्तु वही माया के विकारों से संश्लिष्ट होकर विकारमय(गैंन = परोक्ष) प्रतीत होता है ।
महाराज श्रीसुन्दरदासजी कहते हैं - यदि उसमें से नुकता (विकार या बिन्दु को पृथक् कर दिया जाय वह पुनः अैंन(निर्विकार एवं निष्कलङ्क) ही हो जायगा ॥१॥
.
सुन्दर नुकता भिन्न है, मिल्यौ ऐंन सौं नांहिं ।
मिलि करि दोऊ बांचिये, मिले अमिल यौं मांहिं ॥२॥
यद्यपि इस अैंन में यह नुकता(मायाविकार) आत्मा से सर्वथा भिन्न है; क्योंकि यह इस अैंन(आत्मा) से किसी भी तरह मेल नहीं खाता । इन को मिला कर पढनेधना करने) पर स्पष्ट समझ में आ जाता है कि यहाँ दो अनमेल चीजें मिली हुई प्रतीत हो रही हैं ॥२॥
.
ऐंन आतमा जानिये, नुकता भयौ शरीर ।
सुन्दर दोऊ भिन्न हैं, मिले देखियें बीर ॥३॥
हे भाई ! यहाँ अैंन अक्षर से आत्मा का बोध होता है और इसमें लगे हुए नुकते को मायाकृत शरीर समझिये । ये दोनों(आत्मा एवं शरीर) स्वभावतः भिन्न हैं । इन को मिला कर पढ़ने से यही ज्ञात होता है ॥३॥
.
ऐंन सु दीरघ देखिये, नुकता तनक दिखाइ ।
सुंदर नुकता तनक तैं, ऐंन गैंन ह्वै जाइ ॥४॥
इस ऐंन अक्षर में, छोटा सा नुकता लगा देने से, इस का आकार दीर्घ(लम्बा) प्रतीत होता है । छोटे से नुकता(अविद्यामय आवरण) के लग जाने पर यह अैंन(शुद्ध आत्मा) ही गैंन(जन्ममरण की दीर्घपरम्परा) बन जाता है ॥४॥
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें