*🙏🇮🇳 #daduji 🇮🇳🙏*
*🌷卐 सत्यराम सा 卐🌷*
*साभार विद्युत संस्करण ~ Tapasvi @Ram Gopal Das*
*श्री रज्जबवाणी टीका ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान ॥*
.
*२०. सुमिरण का अंग ~७७/८०*
.
*घट दीपक बाती पवन, ज्ञान ज्योति सु उजास ।*
*रज्जब सीचे तेल ले, प्रभुता पुष्टि प्रकाश ॥७७॥*
शरीर दीपक है, प्राण वायु बत्ती है, ज्ञान ज्योती है, उसका सत्ता प्रकाश सुन्दर है, जैसे तेल सींचने से प्रकाश की वृद्धि होती है, वैसे ही हरि-स्मरण करने से प्रभुता की और ज्ञान ज्योति के सत्ता प्रकाश की भी वृद्धि होती है, अर्थात ब्रह्म को सर्वत्र व्यापक देखने लगता है ।
.
*नाम निरंजन नीर है, सब सुकृत वनराय१ ।*
*जन रज्जब फूले फले, सुमिरन सलिल सहाय ॥७८॥*
निरंजन ब्रह्म का नाम जल है, और संपूर्ण शुभ कर्म वन पंक्तियाँ१ है, जैसे जल वर्षने से सब वन फूलते फलते हैं, वैसे ही नाम-स्मरण की सहायता से संपूर्ण सुकृतों की वृद्धि होती है ।
.
*सुमिरन सेवा मूल है, सब सुकृत श्रृंगार ।*
*रज्जब शोभा सकल की, देखो सुमिरन हार ॥७९॥*
हरि-नाम-स्मरण ही भक्ति का मूल है, अर्थात नाम-स्मरण से ही भक्ति होती है और संपूर्ण शुभ कर्मों का श्रृंगार है । लोक में भी प्रसिद्ध है, नाम-स्मरण करने वाले संत सभी की शोभा बढ़ाता है ।
.
*नाम नाक बिन कुछ नहीं, सुकृत सबै श्रृंगार ।*
*रज्जब रुचे न राम वर, तामें फेर न सार ॥८०॥*
जिस नारी के नाक नहीं उसके सभी श्रृंगार - बेकार है, वह अपने स्वामी को प्रिय नहीं लगती, वैसे ही नाम-स्मरण के बिना संपूर्ण सुकृत भी कुछ नहीं, नाम सुमिरण बिना साधक राम को प्यारा नहीं लगता, यह बात यर्थात है ।
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें