रविवार, 30 दिसंबर 2012

= परिचय का अंग =(४/३२४-२६)

॥दादूराम सत्यराम॥
*"श्री दादूदयाल वाणी(आत्म-दर्शन)"* 
टीका ~ महामण्डलेश्वर ब्रह्मनिष्ठ पंडित श्री स्वामी भूरादास जी 
साभार विद्युत संस्करण ~ गुरुवर्य महामंडलेश्वर संत श्री १०८ स्वामी क्षमाराम जी महाराज 
*= परिचय का अंग - ४ =*
.
*ज्यों ज्यों पीवै राम रस, त्यों त्यों बढै पियास ।*
*ऐसा कोई एक है, बिरला दादू दास ॥३२४॥* 
टीका - हे जिज्ञासुओं ! संतजन जैसे - जैसे राम रस पीते हैं, वैसे - वैसे ही उनकी प्यास बढ़ती जाती है । परन्तु ऐसे एक - आध ही विरहीजन भक्त हैं जो इस प्रकार राम - रस पीते हैं ॥३२४॥ 
"मनुष्याणां सहस्त्रेषु कश्चित् यतति सिद्धये । 
यततामपि सिद्धानां कश्चिन्मां वेत्ति तत्वतः ॥" 
(गीता)
सोरठा - 
"गागर गलती जोइ, जे हर सिर गंगा बहै । 
तऊ न तृपत होइ, घणैं घणैंरी नै खपै ॥"
दोहा - 
अमृत अंत न आवहि, तृप्ति न पीवनहार । 
सोखै बड़वा अनल ज्यों, पोखै सलिता धार ॥ 
.
*राता माता राम का, मतवाला मैमंत ।*
*दादू पीवत क्यों रहै, जे जुग जांहि अनन्त ॥३२५॥* 
टीका - हे जिज्ञासुओं ! राम के राते रत्त और माते मत्त कहिए, मतवाले मुक्तजन "मैमंत" कहिए, प्रभु प्रेम में बेसुध हुए, ऐसे अनन्य प्रभु भक्त अनन्त युग - युगान्तर में भी भक्ति - रस का पान करके तृप्त नहीं होते हैं ॥३२५॥ 
.
*दादू निर्मल ज्योति जल, वर्षा बारह मास ।*
*तिहि रस राता प्राणिया, माता प्रेम पियास ॥३२६॥* 
टीका - हे जिज्ञासुओं ! परमेश्वर की प्रखर निर्मल ज्योति से भय, अविद्या आदि दोष रहित संतृप्त धन से जिनके चैतन्य रूपी हृदयाकाश में भक्ति - जल वर्षा अनवरत होती ही रहती है, ऐसे संतजन राता = रत्त = अनुरक्त हुये, माता = मस्त रहते हैं । उनकी दिनों - दिन प्रेम की प्यास बढ़ती ही जाती है ॥३२६॥
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें