बुधवार, 25 फ़रवरी 2015

मुये मड़े सौं हेत क्या, जे जीव की जाणै नांहि ।
हेत हरि सौं कीजिये, जे अन्तरजामी मांहि ॥ 
=============================
@बिष्णु देव चंद्रवंशी ~
-----------||●||●|| सुख का साधन ||●||●||------------

जिसका वियोग निश्चित है, उसे सुख का साधन बनाना भारी भूल है । संसार में प्रेम बड़ाओगे तो जन्म - जन्मान्तर तक रोना पड़ेगा सब का यहाँ नदी - नाव की तरह संयोग है। जहाँ हो, जिस परिस्थिति में हो, वहीं चातुरी से काम लो। सब का प्रोग्राम अपना अलग - अलग बना है। छान - बीन करोगे तो कोई किसी का साथी नहीं मिलेगा, केवल हमारा तो यही कहना है कि ठगो मत, चाहे ठगा जा। अपने धर्म - कर्म का भरोसा रखो। चालाकी और बेईमानी का भरोसा मत रखो। संसार में ऐसे रहो जैसे कि यहाँ का काम भी चलता जाय और परलोक का मार्ग भी उज्वल बनता जाय। यह तभी होगा जब अपने - अपने धर्म का पालन करते हुए भगवान का स्मरण करते चलोगे। ऐसा करोगे तभी जन्म - मरण के बंधन् से मुक्त होकर इस मलमूत्र के शरीर से छुटकारा मिलेगा। नहीं तो बार - बार इसी में लौट - लौट कर आना पड़ेगा। संसार के सब पदार्थों का वियोग होता है। 
एक वैश्य ने नारद जी को पृथ्वी का भ्रमण करते देखा तो पूछा - महाराज, कहाँ से आ रहे हो?
नारद जी ने कहा - स्वर्ग से।
वैश्य ने पूछा - महाराज, अब यहाँ पधारोगे?
नारद जी ने कहा - थोड़ा मृत्युलोक में घूम कर फिर स्वर्ग लौट जायेंगे।
वैश्य ने प्रार्थना की - महाराज, लौटते समय हमें भी स्वर्ग लेते चलें तो बड़ी कृपा होगी।
नारद ने कहा - अच्छा ले, चलेंगे।
कुछ् दिनों के पश्चात् नारद जी घूम - फिर कर लौटे तो पूछा - सेठजी, स्वर्ग चलोगे?
सेठजी ने कहा - महाराज, चलना तो अवश्य है पर अभी ये लड़के बहुत छोटे नासमझ हैं। ये लोग गृहस्थी का काम संभाल नहीं सकेंगे। थोड़े दिन में ये काम - काज सँभालने योग्य हो जायँ तब चलेंगे।
नारद जी चले गये। थोड़े दिन में वे फिर लौटे। पूछा - सेठजी अब चलोगे?
सेठजी ने कहा - हाँ महाराज, अब तो लड़का बड़ा हो गया है, काम - काज भी कुछ देखने - सुनने लगा है, परन्तु यह अभी अपनी पूरी जिम्मेदारी नहीं समझता। अगले वर्ष इसका विवाह कर दें फिर निश्चिन्त हो जायँ तब चलेंगे। चार वर्ष बाद नारद जी। फिर लौटे तो दुकान पर लड़के से पूछा कि सेठ जी कहाँ हैं? लड़के ने कहा - महाराज, क्या बतायें। एक ही तो हमारे घर में पिता जी सब सँभाले हुए थे, उनका शरीर छूट गया, तब से हम तो बड़ी परेशानी में हैं।
नारद जी ने ध्यान लगा कर देखा तो मालूम हुआ कि सेठजी मर कर बैल हुए हैं। नारद जी बैल के पास गये और कहा कि सेठ जी अब तो मनुष्य शरीर भी छूट गया, अब स्वर्ग चलोगे न?
बैल ने कहा - महाराज! आपकी बड़ी कृपा है। मैं भी चलने को तैयार हूँ, पर सोचता हूँ कि घर के और बैल इतने सुस्त हैं कि आगे मैं न चलूँ तो कुछ काम ही न हो। कुछ नये बैल आने वाले हैं तब तक मैं इनका काम संभाल दूं, फिर आप कृपा करना मैं अवश्य चलूँगा।
नारद जी फिर दो - चार वर्ष बाद लौटे। उन्हें तो अपना वचन पूरा करना था और वैश्य का एक गिलास् दूध चुकाना था इसीलिये बार - बार उसके पास आते थे। इस बार आये तो बैल नहीं दिखा। लड़कों से पूछा कि तुम्हारे यहाँ जो बूढ़ा बैल था वह कहाँ गया? लड़कों ने दुःखी होकर कहा कि महाराज! बड़ा मेहनती बैल था। सब से आगे चलता था। जब से मर गया है तब से वैसा दूसरा बैल नहीं मिला।
नारद जी ने ध्यान करके देखा तों मालूम हुआ कि इस बार सेठ जी कुत्ता होकर घर के आगे पहरा दे रहे हैं। 
कुत्तों के पास जाकर नारद जी ने कहा - कहो सेठ जी! क्या समाचार है? तीन जन्म तों हो गया, अब स्वर्ग चलने के सम्बन्ध में क्या विचार है? कुत्तों ने कहा - महाराज! आप बड़े दयालु हैं। एक ओर मैं आपकी दयालुता देखता हूँ और दूसरी ओर लड़कों का आलस्य और बदइन्तजामी। महाराज! ये इतने आलसी हो गये हैं हि मैं दरवाजे पर न रहूँ तो दिन में ही लोग इन्हें लूट ले जाँय। इसलिये सोचता हुँ कि जब तक हूँ, तब तक इनकी रक्षा रहे तो अच्छा। थोड़े दिन में जरूर चलूँगा। नारद जी फिर लौट गये। चार - छै वर्ष में फिर आये तो कुत्ता दर्वाजे पर नहीं दिखा। लड़कों से पूछा तो पता चला कि वह मर गया है। ध्यान लगाकर देखा तो मालूम हुआ कि इस बार सर्प होकर उसी घर के तलघर में कोष की रक्षा करते हुए बैठे हैं। 
नारद जी वहाँ पहुँचे। कहा - कहिये सेठ जी! यहाँ आप कैसे बैठे हैं? स्वर्ग चलने का समय अभी आया कि नहीं?
सर्प ने कहा - महाराज! ये लड़के इतने फिजूलखर्ची हों गये हैं कि मैं न होता तो अब तक खजाना खाली कर देते। सोचता हूँ कि मेरी गाढ़ी कमाई का पैसा है, जितने दिन रक्षित रह जाय उतना ही अच्छा है। इसीलिये यहाँ मेरी आवश्यकता है, नहीं तो मैं तो चलने को तैयार ही हूँ। नारद जी फिर निराश होकर लौटे। बाहर आकर उन्होंने बड़े लड़के को बुलाकर कहा कि तुम्हारे खजाने में एक भयंकर कालरूप सर्प बैठा हुआ है। महात्मा का आदेश पाकर लड़कों ने वैसा ही किया। सारे शरीर में लाठियों की मार लगाकर उसको लस्त कर दिया और घर के बाहर फेंक आये।
वहाँ जाकर नारद जी उससे मिले और कहा - कहिये सेठ जी! लड़कों ने तो खूब पुटपुटी लगाई अभी आपका मन भरा या नहीं? फिर वापिस जाकर घर की रक्षा करोगे या अब चलोगे स्वर्ग? सर्प ने कहा - हाँ महाराज! अब चलेंगे।
तात्पर्य यह है कि गृह में, पुत्र में, धन में, स्त्री आदि में प्रेम हो जाने पर कई जन्म तक वह प्रेम - बन्धन शिथिल नहीं होता और कई जन्मों तक उसी के कारण अनेक यातनायें सहनी पड़ती हैं। इसीलिये कहा जाता है कि संसार में प्रेम मत फँसाओ। यहाँ प्रेम करोगे तो कई जन्म तक रोना पड़ेगा।
___________________________श्री कृष्ण हरी !!

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें