#daduji
|| दादूराम सत्यराम ||
"श्री दादू चरितामृत(भाग-१)" लेखक ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान |
लुटेरों की घटना के पश्चात् दादूजी अति निर्भय हो गये थे | कारण ? प्रभु भरोसा का फल प्रत्यक्ष देख लिया था | फिर तो दादूजी की वृत्ति विशेष कर के आंतर ही रहने लगी थी | उस अन्तः स्थिति से उनको ब्रह्म प्रकाश भी भासने लगा था | फिरतो वे सांसारिक बातों को भूल कर दिन-रात निदिध्यासन में ही लगे रहते थे | चींटी, हाथी, लोहा, स्वर्ण, निन्दा, स्तुति को सामान ही समझने लगे थे सबमें भगवान् का ही दर्शन करते थे और परोपकार परायण हो गये थे | सब पर दया ही करते थे, अहित तो किसी का भी नहीं चाहते थे | इस प्रकार एकादश वर्ष की आयु में वृद्ध भगवान् के दर्शन के पश्चात् सात वर्ष तक घर में रहे | कहा भी है -
सात वर्ष घर में रहे, करी हरि की सेव |
अष्टादश ही वर्ष में, मिले निरंजन देव || १ ||
१८ वर्ष की आयु में पुनः निरंजन देव प्रभु ने दर्शन दिया और कहा - "अब घर को त्याग कर राजस्थान प्रान्त में जाओ और मैंने जो तुम को निगुण भक्ति की पद्धति बताई है, उसका प्रचार द्वारा विस्तार करो | प्रतिकूल परस्थिति में भय मत करना, मैं सदा तुम्हारे साथ हूँ | तुम्हारे विपरीत कुछ भी नहीं होने दूंगा, सर्व स्थानों में सहायता करता रहूँगा |"
कहा भी है - "वंदत बुलात चरायो चर हूं"(आत्म बिहारी) अर्थात् तुम्हारे बुलाने पर बोलूंगा | जिमाने पर जिमूंगा | और जो भी इच्छा होगी उसको पूर्ण करूंगा | तुम सर्वथा निर्भय रहना | भगवान् की आज्ञा तो सर्वथा मानी ही थी |
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें