शनिवार, 7 फ़रवरी 2015

#daduji
|| दादूराम सत्यराम ||
"श्री दादू चरितामृत(भाग-१)" लेखक ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान |
=दादूजी के पौष्यपिता लोधीराम का देहान्त = 
आबू पर्वत पर निवास के समय ही दादूजी के पौष्यपिता लोधीराम नागर का देहान्त हो गया था और उनके साथ ही उनकी धर्मपत्नी बसीबाई भी सती हो गई थी | आपके माता पिता विमान द्वारा स्वर्ग को जा रहे थे तब दादूजी ने आकाश मार्ग से जाते हुये उनको अपनी दिव्य दृष्टि से देखा | तब ज्ञानदास, माणकदास ने पूछा - प्रभो ! आपने आकाश की ओर दृष्टि करते हुये बड़ी तत्परता से क्या देखा ? दादूजी ने कहा - इस शरीर का पालन पोषण करने वाले माता पिता दोनों अपने शरीर को त्याग कर स्वर्ग को जा रहे हैं, उन्हीं के विमान को मैंने देखा था | फिर ज्ञानदास माणकदास के पूछने पर अपना पूर्व वृतान्त भी उन दोनों को सुनाया | उसे सुनकर ज्ञानदास माणकदास को अति हर्ष हुआ | ज्ञानदास, माणकदास सौ शिष्यों में हैं | 
= ज्ञानदास, माणकदास को केदार देश जाने की आज्ञा = 
आबू पर्वत पर ही ज्ञानदास, माणकदास को दादूजी महाराज ने कहा - अब तुम अच्छे योगी संत हो गये हो, इससे केदार देश टापू में जाकर वहां के लोगों की हिंसा छुड़ाने का प्रयत्न करो | वहां के लोग देवी को इष्ट मानकर देवी को पशु बलि देने के रूप में महान् हिंसा करते हैं | उस देश में एक धर्या जैमल और दूसरा पद्मसिंह दो राजा राज करते हैं | धर्या जैमल तुम्हारे उपदेश से देवी की हिंसामय उपासना छोड़ भगवद् भक्त हो जाने से अहिंसक बन जायगा | फिर वह अपनी प्रजा को भी भगवद् भक्ति द्वारा अहिंसक बना लेगा | पद्मसिंह हिंसामय देवी की उपासना नहीं छोड़ेगा | तब धर्या जैमल और उसकी प्रजा तुमको कहेगी, किसी प्रकार भी पद्मसिंह और उसकी प्रजा भी अहिंसक बननी चाहिये | तब तुम राजा प्रजा सहित मेरे से प्रार्थना करोगे उस समय मैं आकर पद्मसिंह को और उसकी प्रजा को अहिंसक बना दूंगा | अब तुम केदार देश के लिये प्रस्थान करो और मैं भी हरि आज्ञानुसार राजस्थान में जाता हूं | तुम निरंतर निर्गुण ब्रह्म कि भक्ति करते रहना | अब से पांच वर्ष व्यतीत होने पर तुमको सिंधु के पास योगीराज गोरखनाथजी के दर्शन भी होंगे | इस प्रकार आदेश देकर ज्ञानदास, माणकदास को केदार टापू का मार्ग बता दिया | फिर दोनों गुरु भाइयों ने गुरुदेव साष्टांग दंडवत प्रणाम सत्यराम बोलकर किया | फिर केदार देश टापू को चल दिये | ये दोनों गुरु भाई निरंतर निर्गुण भक्ति करते हुये भिक्षा अन्न से निर्वाह करते थे तथा अधिकारानुसार लोगों को ज्ञान भक्ति आदि का उपदेश करते थे | इस प्रकार गुरु आज्ञानुसार शनैः शनैः केदार देश के बताये हुए मार्ग से आगे बढ़ रहे थे और समुद्र के पास पहुँच गये थे | 
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें