#daduji
卐 सत्यराम सा 卐
*दादू पीड़ न ऊपजी, ना हम करी पुकार ।*
*ताथैं साहिब ना मिल्या, दादू बीती बार ॥*
========================
**श्री रज्जबवाणी**
टीका ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान ॥
साभार विद्युत् संस्करण ~ Mahant Ramgopal Das Tapasvi
.
**विरह विभंग का अंग १३**
.
दर्द नहीं दीदार का, तालिब१ नाँहीं जीव ।
रज्जब विरह वियोग बिन, कहाँ मिले सो पीव ॥१॥
न तो जीव जिज्ञासु१ है और न हरि-दर्शनार्थ उसके हृदय में पीड़ा ही है, फिर विरह वियोग व्यथा बिना वे प्रियतम प्रभु कहां मिलते हैं ? अर्थात नहीं मिलते ।
.
दर्द बिना क्यों देखिये, दर्शन दीन दयाल ।
रज्जब विरह वियोग बिन, कहां मिले सो लाल ॥२॥
दीनदयालु परमात्मा का साक्षात्कार बिना साधन कष्ट उठाये कैसे किया जा सकता है । विरहजन्य वियोग व्यथा के बिना वे प्रियतम कहां मिलते हैं ? अर्थात नहीं मिलते ।
.
श्रवणों सुरति न पीव की, प्रेम न लेहि समाय ।
रज्जब रुचि माँही नहीं, कहां मिले सो आय ॥३॥
न तो कान से भगवद् यश सुनने की वृत्ति ही बनती है, न प्रभु -प्रेम को अपनाकर हृदय में धारण करता है, जब हृदय में प्रभु से मिलने की रुचि ही नहीं तब वे कहां आकर मिलेंगे ? अर्थात वे हृदय में ही प्रकट होकर मिला करते हैं, तो हृदय उनके प्रकट होने योग्य है नहीं ।
.
नयनों नेह न नाह१ का, वहिं दिशि दृष्टि न जाँहिं ।
रज्जब राम हि क्यों मिले, तालिब२ नाँहीं माँहिं ॥४॥
न तो नेत्रों में ही प्रभु१ का स्नेह है, न उन प्रभु की और विचार दृष्टि ही जाती है, अर्थात प्रभु मिलन सम्बन्धी विचार ही नहीं होता । जब जिज्ञासु२ जैसी भावना ही मन में नहीं है, तो फिर राम कैसे मिलेंगे ।
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें