शुक्रवार, 31 मई 2019

= *अज्ञान कसौटी का अंग ७९(३३/३६)* =

🌷🙏🇮🇳 #daduji 🇮🇳🙏🌷

🌷🙏🇮🇳 卐 सत्यराम सा 卐 🇮🇳🙏🌷
*मूसा भागा मरण तैं, जहाँ जाइ तहाँ गोर ।*
*दादू स्वर्ग पयाल में, कठिन काल का शोर ॥* 
=============== 
**श्री रज्जबवाणी** 
टीका ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान ॥ 
साभार विद्युत् संस्करण ~ Tapasvi Ram Gopal
.
*अज्ञान कसौटी का अंग ७९*
रज्जब अज्जब१ नाम तज, साधे शुक्र२ रु श्वास । 
परम तत्व पावे नहीं, प्राणी जाय निराश ॥३३॥ 
परब्रह्म की प्राप्ति के अद्भुत१ साधन नाम चिन्तन को छोड़कर केवल वीर्य२ और श्वासों को रोकता है, वह प्राणी परम तत्त्व ब्रह्म को नहीं प्राप्त कर सकता, निराश होकर अन्य शरीर में ही जाता है । 
साधु न पूजै साधना, साधु कहै समझाय । 
जन रज्जब निज१-नाम बिन, नर निष्फल सो जाय ॥३४॥ 
सिद्ध संत समझाकर कहते हैं, साधक संत प्राणायामादि हठ योग साधना का आदर न करें, जो स्वरूप भूत ब्रह्म नाम का चिन्तन छोड़कर हठ योगादि साधना करता है, वह अपने नर जन्म को निष्फल करके अन्य शरीर में ही जाता है, ब्रह्म को प्राप्त नहीं होता, नाम तीन प्रकार के होते हैं - गुणज-दयालु आदि । कर्मज - मधुसूदन आदि और निज१स्वरूप भूत-ब्रह्म, ऊँ, सत्य, चित्, आनन्द आदि ये स्वरूप में सदा रहते हैं इसलिये निजनाम कहलाते हैं । 
रज्जब पौने मानै के साधि बै, मूंसे की सी गोर१ । 
श्वास शब्द संकट पड़ै, नहीं ज्ञान की कौर२ ॥३५॥ 
ज्ञान का अंश२ न हो और केवल वायु तथा मौन ही साधा हो तो जैसे मूसे को जहाँ गया वहाँ ही कब्र१ मिली, वैसे ही श्वास लेते तथा शब्द बोलते भी मृत्यु का दु:ख आ पड़ता है । 
मूसा साहब की गोर की कथा - मूसा साहब को ज्ञात हो गया कि काल दूत मारने को आ रहा है, तब वे अपने स्थान से भाग निकले किन्तु जहाँ जाय वहाँ ही खोदते हुये मनुष्य मिलें और पूछने पर कहें - "मूसा के लिये खोद रहे हैं ।" एक स्थान में कब्र छोटी देख कर मूसा ने कहा - "कब्र छोटी है मूसा बड़ा है इसमें नहीं आयेगा ।" खोदने वाले बोले - "आ जायेगा ।" मूसा उसे मापने भीतर गये कि काल ने मार दिया और उसी में दबा दिया । 
चंद सूर पाणी पवन, धरती अरु आकाश । 
रज्जब अस्थिर देखिये, कहु किन साध्या श्वास ॥३६॥ 
यदि दीर्घायु के लिये प्राणायम-साधना करते हो तो, चन्द, सूर्य, जल, वायु, पृथ्वी और आकाश दीर्ध काल तक स्थिर देखे जाते हैं, इनमें से किसने श्वासों को रोकने की साधना की है ? भगवद् भजन से ही ऐसे हुये हैं ।
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें