बुधवार, 3 अगस्त 2022

*नरेन्द्र के प्रति संन्यास का उपदेश*

🌷🙏🇮🇳 *#daduji* 🇮🇳🙏🌷
🌷🙏 *卐 सत्यराम सा 卐* 🙏🌷
🌷 *#श्रीरामकृष्ण०वचनामृत* 🌷
https://www.facebook.com/DADUVANI
*दादू राम मिलन की कहत हैं, करते कुछ औरे ।*
*ऐसे पीव क्यौं पाइये, समझि मन बौरे ॥*
*(#श्रीदादूवाणी ~ साँच का अंग)*
===============
साभार ~ श्री महेन्द्रनाथ गुप्त(बंगाली), कवि श्री पं. सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’(हिंदी अनुवाद)
साभार विद्युत् संस्करण ~ रमा लाठ
.
*(२)नरेन्द्र के प्रति संन्यास का उपदेश*
.
नरेन्द्र आये और उन्होंने प्रणाम करके आसन ग्रहण किया । श्रीरामकृष्ण नरेन्द्र से बातचीत कर रहे हैं । बातचीत करते हुए जमीन पर आकर बैठे । जमीन पर चटाई बिछी हुई है । अब कमरा भी आदमियों से भर गया । भक्तगण भी हैं और बाहर आदमी भी आये हुए हैं ।
.
श्रीरामकृष्ण (नरेन्द्र से) - तेरी तबीयत अच्छी है न ? सुना है, तू गिरीश घोष के यहाँ प्राय: जाया करता है ?
नरेन्द्र - जी हाँ, कभी कभी जाया करता हूँ ।
इधर कुछ महीनों से श्रीरामकृष्ण के पास गिरीश आया-जाया करते हैं । श्रीरामकृष्ण कहते हैं, गिरीश का विश्वास इतना जबरदस्त है कि पकड़ में नहीं आता । उन्हें जैसा विश्वास है, वैसा ही अनुराग भी है । घर में सदा ही श्रीरामकृष्ण के चिन्तन में मस्त रहा करते हैं ।
.
नरेन्द्र प्राय: उनके वहाँ जाते हैं । हरिपद, देवेन्द्र तथा और भी कई भक्त प्रायः उनके यहाँ जाया करते हैं । गिरीश उनके साथ श्रीरामकृष्ण की ही चर्चा किया करते हैं । गिरीश संसारी है; इधर श्रीरामकृष्ण देखते हैं, नरेन्द्र संसार में न रहेंगे, - वे कामिनी-कांचन त्यागी होंगे; अतएव नरेन्द्र से कह रहे हैं –
.
"तू गिरीश घोष के यहाँ क्या बहुत जाया करता है ? "परन्तु लहसुन के कटोरे को चाहे जितना धोओ, कुछ न कुछ बू तो रहेगी ही । लड़के शुद्ध आधार हैं; कामिनी और कांचन का स्पर्श अभी उन्होंने नहीं किया । बहुत दिनों तक कामिनी और कांचन का उपभोग करने पर लहसुन की तरह बू आने लगती है ।
.
"जैसे कौए का काटा हुआ आम । देवता पर चढ़ ही नहीं सकता, अपने खाने में भी सन्देह है । जैसे नयी हण्डी और दही जमायी हण्डी - दही जमायी हण्डी में दूध रखते हुए डर लगता है । अक्सर दूध खराब हो जाता है ।
.
"गिरीश जैसे गृहस्थ एक दूसरी श्रेणी के हैं । वे योग भी चाहते हैं और भोग भी । जैसा भाव रावण का था - नागकन्याओं और देवकन्याओं को हथियाना चाहता था, उधर राम की प्राप्ति की भी आशा रखता था ।
"असुर लोग अनेक प्रकार के भोग भी करते हैं और नारायण के पाने की भी इच्छा रखते हैं ।
.
नरेन्द्र - गिरीश घोष ने पहले का संग छोड़ दिया है ।
श्रीरामकृष्ण - बूढ़ा बैल बधिया बनाया गया है । मैंने बर्दवान में देखा था, एक बधिया एक गाय के पीछे लगा हुआ था । देखकर मैंने पूछा, 'यह कैसा ? - यह तो बधिया है !' तब गाड़ीवान ने कहा, 'महाराज, बड़ा हो जाने पर यह बधिया किया गया था । इसीलिए पहले के संस्कार नहीं गये ।'
.
"एक जगह अनेक संन्यासी बैठे हुए थे । उधर से एक औरत निकली । सब के सब ईश्वर-चिन्तन कर रहे थे । उनमें से एक ने जरा नजर तिरछी करके उसे देख लिया । तीन लड़के हो जाने के बाद उसने संन्यास लिया था ।
.
"एक कटोरे में अगर लहसुन पीसकर घोल दिया जाय, तो क्या लहसुन की बू जाती है ? इमली के पेड में क्या कभी आम फलते हैं ? अगर वैसा विभूती का बल किसी को हो तो यह हो सकता है - वह इमली में भी आम लगा देता है । परन्तु क्या वैसी विभूती सभी के पास रहती है ?
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें