🌷🙏🇮🇳 *#daduji* 🇮🇳🙏🌷
🌷🙏 *卐 सत्यराम सा 卐* 🙏🌷
*साभार विद्युत संस्करण ~ Tapasvi @Ram Gopal Das*
*श्री रज्जबवाणी* टीका ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान ॥*
.
*३. श्री गुरुदेव का अंग ~१५३/१५६*
.
*रज्जब नर तरु वित्त१ के, मिल रीते सु अयान ।*
*मंगलगोटा२ मुख्य फल, मर्कट मुग्ध न जान ॥१५३॥*
जैसे नारियल२ वृक्ष फल रूप धन१ वाला है तथा उसका फल मंगल द्रव्यों में भी मुख्य है किन्तु मूर्ख वानर उसके फल में रहने वाले खोपरे को नहीं जानता अत: उसके उपभोग से वंचित रह जाता है । वैसे ही सद्गुरु रूप नर ज्ञान-धन से युक्त हैं, वह धन साधन से मुख्य फल मंगल मय ब्रह्म की प्राप्ति का हेतु है, तो भी अज्ञानी प्राणी उनसे मिलकर भी ज्ञान-धन से वंचित ही रह जाता है ।
.
*कामधेनु अरु कल्पतरुवर,
बिना कामना शुभग सरोवर ।*
*चाह बिना चिंतामणि क्या दे,
त्यों सेवक स्वामी कने१ क्या ले ॥१५४॥*
बिना इच्छा करे कामधेनु, कल्पवृक्ष, चिन्तामणि और सुन्दर सुधा-तालाब से कुछ भी प्राप्त नहीं होता । वैसे ही शिष्य रूप सेवक बिना प्रश्न किये गुरु-रूप स्वामी से१ क्या ले सकता है ?
.
*एरंड बंस लागे नहीं, गुरु चन्दन की वास ।*
*रीते रहे गठीले पोले, रज्जब परिमल पास ॥१५५॥*
सुगंधयुक्त चन्दन के पास रहने पर भी एरण्ड और बाँस गाँठों वाले तथा पोले होने से चन्दन की सुगंध नहीं ग्रहण कर पाते । वैसे ही विवेक हीनता रूप पोल, देहाध्यासादि रूप गाँठे होने से गुरु के पास रहने पर भी साधक गुरु का ज्ञान धारण नहीं कर सकते ।
.
*गुरु सिमटे१ गोविन्द भज, शिष सद्गुरु को सेय ।*
*रज्जब बिझुका२ खेत में, चरे न चरने देय ॥१५६॥*
१५६ में योग्य गुरु-शिष्य का परिचय दे रहे हैं - गुरु तो भगवदभजन करके भगवद में स्थित१ होते हैं और शिष्य सेवा करके व्यवस्थित होता है किन्तु जैसे खेत में मृगों को डराने वाला पुतला२ न तो खेत को खाता है और न खाने देता है वैसे ही जो गुरु गोविन्द को न भजता है और न क्रूर स्वभाव के कारण शिष्य को अपनी सेवा ही करने देता है तथा शिष्य भी न गुरु सेवा करता है और न बहिमूर्खता के कारण गुरु को भजन ही करने देता है, वे दोनों ही अयोग्य हैं ।
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें