शनिवार, 7 फ़रवरी 2026

ब्रह्मलीन होना ~

*#daduji*
*॥ श्री दादूदयालवे नम: ॥*
*॥ दादूराम~सत्यराम ॥*
*"श्री दादू पंथ परिचय" = रचना = संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान =*
.
१४ आचार्य गुलाबदासजी
.
प्रभुदास जी के चातुर्मास ~
वि. सं. १९४७ में प्रभुदासजी लोरडी वालों ने आचार्य गुलाबदासजी महाराज को चातुर्मास का निमंत्रण दिया । आचार्यजी ने स्वीकार किया । फिर शिष्य संत मंडल के सहित आचार्य गुलाबदासजी महाराज लोरडी पधारे । प्रभुदासजी ने भक्त मंडल के सहित संकीर्तन करते हुये जाकर आचार्यजी का सामेला किया । भेंट चढाकर सत्यराम दंडवत की और संकीर्तन करते हुये ले जाकर स्थान पर ठहराया । 
.
चातुर्मास आरंभ हो गया । चातुर्मास के कार्यक्रम सुचारु रुप से चलने लगे । अच्छा चातुर्मास हुआ । समाप्ति पर प्रभुदासजी ने आचार्यजी को मर्यादानुसार भेंट दी तथा शिष्य संत मंडल को यथायोग्य वस्त्रदि देकर सस्नेह विदा किया । लोरडी से विदा किया । लोरडी से विदा होकर आचार्य गुलाबदासजी महाराज शिष्य संत मंडल के साथ भ्रमण करते हुये नारायणा दादूधाम पधार गये ।
.
ब्रह्मलीन होना ~ 
उक्त प्रकार आचार्य गुलाबदासजी महाराज १७ वर्ष २ मास १५ दिन गद्दी पर विराज कर वि. सं. १९४८ में मार्गशीर्ष शुक्ला १३ रविवार को ब्रह्मलीन हो गये । आपने- अपने समय में समाज का अच्छा संचालन किया था । समाज में सुख शांति का विस्तार हुआ था । अन्य समाज भी आप पर श्रद्धा रखते थे ।  
.
गुण गाथा दोहा ~
प्रिय गुलाब सम सभी को, लगे गुलाबाचार्य ।
निज अधिकार समान ही, किये पंथ के कार्य ॥१॥
पूर्वाचार्यों की चले, चाल छोड अभिमान । 
अत: गुलाबदासजी पर, हुआ भले सम्मान ॥२॥
किया गुलाबाचार्य पर, कई नृपों ने भाव ।
निज नगरों में ले गये, पूजे कर उत्साव ॥३॥
कोमल प्रकृति गुलाब सम, हुये गुलाबाचार्य । 
इससे सब ही मानते, उन्हें अनार्य आर्य ॥४॥
स्वाभाविक  ही सर्व प्रिय, होत संत प्रख्यात । 
गुरु गुलाब ऐसे हि थे, संत सुनाते बात ॥५॥ 
‘नारायणा’ निर्णय भया, गुलाब थे सु महन्त ।
इससे महिमा गाय हैं, उनकी सुन्दर संत ॥६॥
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें