*🙏🇮🇳 #daduji 🇮🇳🙏*
*🌷卐 सत्यराम सा 卐🌷*
*साभार विद्युत संस्करण ~ Tapasvi @Ram Gopal Das*
*श्री रज्जबवाणी टीका ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान ॥*
.
*३२. साधु का अंग ~३६/३८*
.
*सब जग जाने पलक में, जे साधु करै कुछ और ।*
*ज्यों रज्जब सूरज ग्रहण, सब समझै सब ठौर ॥३६॥*
जैसे सूर्य ग्रहण को सभी स्थानों में सब समझते हैं, वैसे ही संत जो एक पलक में जीव की स्थिति पूर्व से भिन्न कर देते हैं अर्थात ज्ञान द्वारा दुखी को सुखी कर देते हैं, सो सभी जगत् जानता है ।
.
*जो जन सदा अडोल१ था, सोई ह्वै चकचाल२ ।*
*तो रज्जब जाने जगत्, ज्यों आया भूचाल ॥३७॥*
पृथ्वी सदा स्थिर१ है किन्तु जब भूकंप होता है तब सभी जगत जान जाता है कि भूचाल हुआ, वैसे ही जो मनुष्य सदा विषयों में स्थिर रहता है वही संतों के उपदेश से विषयों से चंचल२ अर्थात मुख फेर कर ब्रह्म चिन्तन में स्थिर होता है तब संतों के कार्य को सभी जगत् जानता है ।
.
*भक्ति भाव बैठे फिर हिं, साधु श्रवण सु कंध ।*
*दुनियाँ दिशि देखें नहीं, रज्जब अंधी अंध ॥३८॥*
जैसे श्रवण कुमार की अंधी माता और अंधे पिता, उसके कंधे पर बैठे-बैठे ही सब स्थानों में फिरते थे, वैसे ही भक्ति-भाव संतों में ही रहते हैं, संतों द्वारा ही उनका प्रचार होता है अपने आप वे संसार में अपनी दृष्टि नहीं फैला सकते ।
इति श्री रज्जब गिरार्थ प्रकाशिका सहित “३२. साधु का अंग” समाप्त ॥(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें