मंगलवार, 24 नवंबर 2026

*३२. साधु का अंग ~३३/३५*

*🙏🇮🇳 #daduji 🇮🇳🙏*
*🌷卐 सत्यराम सा 卐🌷*
*साभार विद्युत संस्करण ~ Tapasvi @Ram Gopal Das*
*श्री रज्जबवाणी टीका ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान ॥*
.
*३२. साधु का अंग ~३३/३५*
.
*काया काष्ठ सूखे उठहिं, मथतों गोष्टि१ आग ।*
*रज्जब सरसे ज्ञान जल, जलहि नहीं सो जाग ॥३३॥*
अरणी की सूखी दो लकङियों को घिसने से अग्नि प्रकट होकर ज्वलित होता है, यदि वे जल से भीगी हों तो नहीं प्रकट होता, वैसे ही सत्संग में चर्चा१ करते समय ज्ञान रहित शरीर से ही क्रोधाग्नि प्रकट होता है, जो अन्त:करण ज्ञान जल से भीगा है, उसमें वह क्रोधाग्नि प्रकट होकर नहीं प्रज्वलित होता ।
.
*साधु गुस्सा जल चोट ज्यों, मारत ही मिट जाय ।*
*रज्जब परसै परस्पर, रहै नहीं ठहराय ॥३४॥*
साधु का क्रोध जल पल चोट मारने के समान होता है, जल पर मारी चोट की लकीर उसी क्षण मिट जाती है, वैसे ही संत का क्रोध भी तत्काल मिट जाता है, वे उसी क्षण परस्पर पूर्ववत मिल लेते हैं, उनमें क्रोध स्थिर नहीं रहता ।
.
*साधु जन जे सुरति१ करि, अथवा गाली देय ।*
*रज्जब तिहिं रिस२ वारने, रस मांही करि लेय ॥३५॥*
संत सम्यक् प्रीति१ करै वा गाली दें दोनों ही जीव के लिये हितकर हैं, हम उनके उस क्रोध२ पर निछावर होते हैं, वे क्रोध को भी भीतर रस रूप किये रहते हैं, जैसे माता बच्चे के मुख से मिट्टी निकाल कर उसको थप्पड़ मारती है तब उसके मन में बच्चे के प्रति हित भरा रहता है, वैसे ही संतों में हित दृष्टि ही रहती है ।
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें