बुधवार, 18 नवंबर 2026

*सूत से पूत*


🌷🙏🇮🇳 *#daduji* 🇮🇳🙏🌷
🌷*卐 श्री दादूदयालवे नम: 卐*🌷
🌷🙏 *卐 सत्यराम सा 卐* 🙏🌷
*"श्री दादू पंथ परिचय" = रचना = संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान =*
.
*ज्यों यहु समझै त्यों कहो, यहु जीव अज्ञानी ।*
*जेती बाबा तैं कही, इन एक न मानी ॥*
================
दादूजी महाराज ने अविचल मंत्र का उपदेश करके जग्गाजी को कहा — जो साधक इस अविचल मंत्र को अर्थ भावना सहित जपेंगे वे कल्याण को प्राप्त होंगे । और मेरी परंपरा के लोगों में यह मंत्र ही गुरु मंत्र के नाम से प्रसिद्ध होगा । इसमें २४ मंत्र हैं, इसका जप करते समय मंत्र शब्द छोड़कर जप करना चाहिये अर्थात् —
"अविचल अमर अखंड अभय राम निज सार ।
सजीवन सवीरज सुन्दर शिरोमणि निर्मल निराकार ॥
अलख अकल अगाध अपार अनन्त राया ।
नूर तेज ज्योति प्रकाश परम मंत्र पाया ॥"
इस प्रकार जप करना चाहिये । ऐसी ही परंपरा चली आ रही है । दादू सम्प्रदाय में यह मंत्र २४ अक्षरात्मक गायत्री मंत्र के समान माना जाता है । इसमें भी २४ ही मंत्र हैं । दादू सम्प्रदाय के ग्रंथों में जहां गुरु मंत्र का उल्लेख होता है, वहां इसी मंत्र का संकेत होता है । साधक लोग इसके जाप से श्रेय प्रेय आदि सभी कुछ प्राप्त करते हैं ।
.
*सूत से पूत*
जग्गाजी आमेर में भिक्षा लाने जाया करते थे । उनके कटि के बांधने का आडबन्ध जीर्ण हो गया था । उन्होंने विचार किया कि अब दूसरा आडबन्ध बनाना चाहिये । फिर एक दिन भिक्षा लाने गये तब, होनहार के कारण कुछ विचार तो रहा नहीं । इससे वे बोलने लगे — "दे माई सूत ले माई पूत" । एक खंडेलवाल वैश्य परिवार की बाई जिसका नाम शांति था, उसने जग्गाजी का उक्त वचन सुना तब अपने घर से काते हुये सूत की कूकड़ियों की एक अंजलि पूरी भरकर ले आई और जग्गाजी को बोली — "लो बाबाजी सूत, दो बाबाजी पूत" । जग्गाजी ने वह सूत ले लिया और उसे वर दे दिया तेरे पुत्र हो जायगा ।
.
दादूजी महाराज ने अपनी योग शक्ति से यह वृत्तान्त उसी क्षण जान लिया । जग्गाजी भिक्षा की झोली टीलाजी को देकर प्रतिदिन दादूजी को प्रणाम करने जाते थे । अपने नियमानुसार आज जब प्रणाम करने गये तब साष्टांग दंडवत प्रणाम करके ज्योंही हाथ जोड़कर सामने खड़े हुये तब दादूजी महाराज ने कहा —
"शिष्य भरोसे आपने, हो बोली हुसियार ।
कहेगा सो बहेगा, हम पहले कहैं पुकार ॥"
अर्थात् हे शिष्य जग्गाजी ! आपको अपने भरोसे पर ही सचेत होकर किसी को वरदान देना चाहिये । आज आपने सूत के बदले पूत प्रदान करने की ध्वनि "दे माई सूत, ले माई पूत" की थी किन्तु आपको विचार तो करना चाहिये था, कि जिसको मैं पुत्र दे रहा हूं इसके प्रारब्ध में पुत्र है या नहीं । बिना जाने ही अपनी शक्ति का दुरुपयोग करना कहां तक उचित है ? 
.
उस बाई के प्रारब्ध में तो पुत्र है नहीं और आपने उसे पुत्र होने का वर दिया है । अब उसके पुत्र नहीं होगा तब संतों का यह अपवाद ही फैलेगा कि संत भी मिथ्या बोलते हैं । अतः संतों के अपवाद को रोकने के लिये अब आपको ही उसके पुत्र रूप से जन्म लेना होगा, तब ही आपका वचन सत्य होगा । जग्गाजी ने कहा — मैं अवश्य उसका पुत्र बनूंगा किन्तु इच्छानुसार आपके सत्संग का लाभ उठाकर ही शरीर त्याग कर उसके उदर में जाऊंगा तथा पुनः आपके चरणों में आना चाहता हूं । इतनी कृपा मुझ शिष्य पर आप अवश्य करें, यही मेरी हार्दिक प्रार्थना है । जग्गाजी की उक्त प्रार्थना दादूजी ने स्वीकार करके कह दिया तथास्तु । अर्थात् ऐसा ही हो जायेगा । दूसरे जन्म में ये जग्गाजी ही छोटे सुन्दरदासजी के रूप में प्रकट हुये थे । कहा भी है —
"संत वचन निज सत करैं, तन तज भी अत्रास ।
जग्गाजी तन त्याग कर, जन्मे सुन्दरदास ॥"
.
*कोट की दीवार लांघना*
सीकरी शहर में अकबर बादशाह ने दादूजी से प्रार्थना की थी कि- हमारा ही भोजन करें हम आपकी इच्छानुसार प्रबन्ध करा देंगे । दादूजी ने कहा — हम लोग भिक्षान्न खाते हैं, राजान्न नहीं खाते हैं । राजान्न प्रायः राजस और तामस होता है । कारण — नाना प्रकार के करों से आता है । अतः वह साधकों के साधन में विघ्न रूप होता है । यह अकबर बादशाह को कुछ बुरा लगा । फिर अवसर देखकर तुलसी ब्राह्मण ने अकबर बादशाह को कहा — वास्तव में राजान्न की बात नहीं है । दादू आपको मुसलमान समझ कर आपका अन्न नहीं खा रहे हैं । राजान्न की ही बात हो तो राजा भगवतदास का क्यों खाते हैं ? 
.
यह सुनकर तो अकबर बादशाह को और भी अधिक बुरा लगा । फिर वह कुपित होकर बोला — ऐसा यह संत कहां से आया है, जो हमारा अन्न नहीं खाना चाहता । हमारा अन्न नहीं खायेगा तो वह किसके देश में रहेगा ? ऐसा बोलकर अकबर बादशाह ने कहा — आज जब उनका साधु भिक्षा लेने जाय तब नगर के द्वार बन्द करा दिये जायें । द्वारपालों को भी मेरी यह आज्ञा सुना दी जाय । वे कोट का द्वार बन्द कर दें । द्वारपालों को बादशाह अकबर की उक्त आज्ञा सुना दी गई । द्वारपालों ने आज्ञानुसार ही किया ।
.
जग्गाजी भिक्षा लाने जाते थे । वे भिक्षा लेकर आये तो कोट का द्वार बन्द मिला । जग्गाजी ने द्वारपालों को आवाजें दीं किन्तु वे कैसे बोलते । उन्हें तो बादशाह की आज्ञा थी कि द्वार बन्द करके साधु को रोक लो । जग्गाजी कुछ देर खड़े रहे फिर उन्होंने ध्यान धरके देखा तो अपनी योग शक्ति से संपूर्ण षड्यंत्र जान लिया । फिर तो वे तत्काल वामन भगवान् के समान सहसा अपने शरीर को बड़ा कर कोट की दीवार को लांघ गये कहा भी है —
“योग शक्ति से होत है, देह वृद्धि तत्काल ।
जग्गा अरु हनुमान के, तन हो गये विशाल ॥२६॥” ह. त. १०।
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें