बुधवार, 18 नवंबर 2026

*३२. साधु का अंग ~५/८*

*🙏🇮🇳 #daduji 🇮🇳🙏*
*🌷卐 सत्यराम सा 卐🌷*
*साभार विद्युत संस्करण ~ Tapasvi @Ram Gopal Das*
*श्री रज्जबवाणी टीका ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान ॥*
.
*३२. साधु का अंग ~५/८*
.
*बादल बन्दे४ एक गति३, वाणी वर्षा होय ।*
*जन रज्जब संसार में, पीवे सु१ गुरा२ कोय ॥५॥*
बादल तथा संतों४ की चेष्टा३ एक सी होती है, जैसे बादल वर्षा करते हैं वैसे ही संत वाणी द्वारा ज्ञानामृत की वृष्टि करते हैं, किन्तु जिसका उपदेशक गुरु२ श्रेष्ठ१ हो, ऐसा कोई साधक ही उसका पान करता है, जो गुरु श्रेष्ठ नहीं होता वे तो अपने शिष्यों को बाँध लेते हैं, श्रेष्ठ संतों के उपदेश को श्रवण करने का अवकाश ही नहीं देते, उलटा उनसे उपराम कराते हैं ।
.
*बादल विधि बन्दे१ किये, शून्य२ सुधा रस भाय ।*
*कलि कुलाल के पात्र ज्यों, अगहन३ अंबु४ गहाय५ ॥६॥*
संत१ बादल के समान बनाये गये हैं, जैसे बादल जल के लिये हुये आकाश में रहते हैं वैसे ही संतों को ज्ञान-सुधा-रस प्रिय लगता है, उसे धारण करके ब्रह्म२ स्वरूप में स्थित रहते हैं, बादल से वर्षा हुआ जल३ कोरी मिट्टी से ग्रहण नहीं४ किया जाता, किन्तु कुम्हार के पकाये हुये बर्तन में ठहरता५ है, वैसे ही कलियुग में सन्तों का ज्ञान साधन द्वारा पके हुये साधक के हृदय में ही ठहरता है, सबमें नहीं ठहरता ।
.
*बादल बन्दे१ एक गति२, सकल अधर३ व्यवहार ।*
*जन रज्जब जग सौं जुदे, परसे नहीं विकार ॥७॥*
बादल और संतों१ की एक सी चेष्टा२ होती है, जैसे बादल अपना वर्षा आदि व्यवहार आकाश में अधर३ रहकर ही करते हैं, वैसे ही संत भी अपना सब व्यवहार ब्रह्म में स्थित रह कर ही करते हैं, इस प्रकार से जगत से अलग ही रह जाते हैं, उनको कामादि विकार स्पर्श नहीं करते ।
.
*साधु आभे सारिखा, सदा शून्य में वास ।*
*रज्जब आवहिं पुहमि पर, निष्कामी रु निराश ॥८॥*
संत बादल के समान होते हैं, जैसे बादल सदा आकाश में रहता है वैसे ही संत सदा ब्रह्म स्वरूप में स्थित रहते हैं, पृथ्वी पर आते हैं अर्थात व्यवहार में वृत्ति आती है, तो भी आशा रहित निष्काम भाव से ही उपदेशादि लोक हित का कार्य करते हैं ।
(क्रमशः) 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें