*🙏🇮🇳 #daduji 🇮🇳🙏*
*🌷卐 सत्यराम सा 卐🌷*
*साभार विद्युत संस्करण ~ Tapasvi @Ram Gopal Das*
*श्री रज्जबवाणी टीका ~ संतकवि कविरत्न स्वामी नारायणदास जी महाराज, पुष्कर, राजस्थान ॥*
.
*३२. साधु का अंग ~१/४*
इस अंग में साधु संबंधी विचार कर रहे हैं ~
.
*बादल बन्दे१ एक गति२, शून्य३ सुधा - रस लेहिं ।*
*जन रज्जब जल उमग कर, स्त्रव४ हि सबनि सुख देहिं ॥१॥*
बादल और संतों१ की चेष्टा२ एक सी ही होती हैं, जैसे बादल जल ग्रहण करके तथा आकाश३ में स्थित होकर वर्षा द्वारा सबको देते हैं, वैसे ही संत ज्ञान-सुधा-रस ग्रहण करके तथा ब्रह्म४ में स्थित होकर ज्ञान की उमंग द्वारा ज्ञान की वर्षा करके सभी को ब्रह्मानन्द प्रदान करते हैं ।
.
*शून्य१ सलिल२ सो लेत हैं, बादल वेत्ता३ वीर४ ।*
*पीछे परमारथ कर हिं, देहिं सब हिं सो नीर ॥२॥*
जैसे बादल जल२ को ग्रहण करके आकाश१ में रहते हुये जल वर्षा द्वारा सबको देकर परमार्थ करते हैं, वैसे ही हे भाई४ ! ज्ञानी३ संत ज्ञान को ग्रहण करके स्वरूप ब्रह्म में स्थिर रहते हुये उपदेश द्वारा ज्ञान प्रदान करके परमार्थ करते हैं ।
.
*साधु जन संसार में, आभे का अवतार ।*
*सींच समावे शून्य में, आवें पर उपकार ॥३॥*
संसार में सन्तों का जन्म लेकर आना बादलों के समान है, जैसे बादल वर्षा करके आकाश में समा जाते हैं, वैसे ही सन्तजन ज्ञान का उपदेश देकर ब्रह्म में समा जाते हैं, बादल और संत परोपकार के लिये ही संसार में आते हैं ।
.
*मिनषा१ देही खेती क्षिति२, माँहिं प्राण किसान ।*
*रज्जब साधु घट३ घटा, वर्ष्यों नेपै४ जान ॥४॥*
पृथ्वी२ के खेत को किसान बोता है किन्तु घन-घटा वर्षने से ही खेती४ होती है, वैसे ही मनुष्य१ शरीर साधन-क्षेत्र है, साधक प्राणी साधन करता है, किन्तु सन्त देह३ द्वारा उपदेश करें तभी ज्ञान उत्पन्न होता है ।
(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें